Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- पाकुड़ रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के समीप स्थित भूमिगत पथ (अंडरपास) के पास रेलवे की खाली पड़ी भूमि पर फैली गंदगी, अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की समस्या तथा रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने पूर्व रेलवे हावड़ा के वरिष्ठ मंडलीय अभियंता (समन्वय) कार्तिक सिंह को विस्तृत आवेदन सौंपकर शीघ्र चारदीवारी निर्माण एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधन) सत्येंद्र तिवारी को भी भेजी गई है।
आवेदन में हिसाबी राय ने कहा है कि अंडरपास के समीप रेलवे की खाली भूमि पर वर्षों से स्थानीय बाजार के कुछ दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़ा-गला भोजन, घरेलू और व्यावसायिक कचरा सहित विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट पदार्थ फेंके जा रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध का वातावरण बना रहता है, जिससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले रेल यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की भावना के विपरीत है। कचरे के लगातार जमाव से मच्छरों, मक्खियों और अन्य रोगजनक जीवों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए रेलवे प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
आवेदन में रेलवे सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। हिसाबी राय ने बताया कि उक्त स्थल के नीचे रेलवे के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के महत्वपूर्ण केबल बिछे हुए हैं। कचरे के ढेर में समय-समय पर आग लगाए जाने की घटनाओं के कारण इन केबलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो इससे रेलवे परिचालन प्रभावित हो सकता है तथा किसी बड़ी दुर्घटना या आर्थिक क्षति की संभावना भी उत्पन्न हो सकती है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने मांग की है कि जनहित, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडरपास के समीप रेलवे भूमि पर शीघ्र सुदृढ़ चारदीवारी का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा स्थल पर चेतावनी संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन इस जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण स्थापित होगा, यात्रियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी तथा रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











