Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Dumka :- महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, दुमका के मार्गदर्शन में 28 जुलाई 2026 को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय, जरमुंडी में डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक की पहचान, ओटीपी सुरक्षा तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता एवं विद्यार्थियों द्वारा रोल प्ले का आयोजन किया गया। क्विज़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं सरिता सोरेन, सपना कुमारी एवं श्रीति कुमारी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जरमुंडी, कुमारी ऋतु ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों एवं किशोरियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा तकनीकी सहयोगी संस्था सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज (C3) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कुमारी ऋतु, C3 के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री गौरव कुमार, प्रखंड की महिला पर्यवेक्षिकाएँ नीहारिका मल्लिक, अर्चना आनंद एवं समृति कना झा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का संकल्प लिया।
Repoted By:- Kunal Rajput, Prime Time News,Dumka.











