Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
जामताड़ा :- पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जामताड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), पुलिस उपाधीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि मई 2026 से अब तक जिले में कुल 753 वारंटों का निष्पादन एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। वहीं जून 2026 में विभिन्न मामलों में वांछित 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों तथा हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में जिले में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए साइबर ठगी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार सूचना संकलित कर छापेमारी करने, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सभी लंबित कांडों, वारंट एवं स्थायी वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने, बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित सुरक्षा जांच एवं गश्ती बढ़ाने का निर्देश भी थाना प्रभारियों को दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा, डायन प्रथा, बाल विवाह, साइबर अपराध और नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने, उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा पुलिस और जनता के बीच मित्रवत संबंध स्थापित करने के लिए सभी थाना प्रभारी सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा क्षेत्र में सघन गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आगामी श्रावणी मेला 2026 को देखते हुए सड़क मार्ग से आने-जाने वाले कांवरियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सघन गश्ती और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत पुलिस केंद्र, जामताड़ा में पुलिस सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाबल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जामताड़ा पुलिस ने पुनः आम जनता को भरोसा दिलाया कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।
Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











