Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पंजवारा (बांका) :- पंजवारा-भेड़ामोड़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में विक्रमपुर निवासी 10 वर्षीय आशिका भारती घायल हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी), पंजवारा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय कर्मी उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाया गया। इसके बाद बच्ची को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार, दुर्घटना के बाद बच्ची को प्राथमिक उपचार की उम्मीद में एपीएचसी लाया गया था, लेकिन उस समय ड्यूटी पर तैनात एएनएम मौजूद नहीं थीं। उनका आरोप है कि अस्पताल में तत्काल चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण घायल बच्ची को बिना इलाज के ही रेफर करना पड़ा।
बताया गया कि अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मियों ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट भेजा, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी समय पर उपलब्ध रहते, तो घायल बच्ची को तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सकता था। उन्होंने अस्पताल में नियमित चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Repoted By :- Prime Time News Desk Bihar.











