Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा संवेदनशील स्थलों, जुलूस मार्गों एवं धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 जून को मुहर्रम की दसवीं के अवसर पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 38 ताजिया जुलूस निकाले गए। इनमें 17 लाइसेंसी एवं 21 गैर-लाइसेंसी ताजिया जुलूस शामिल रहे। सभी जुलूसों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया।

जारी आंकड़ों के अनुसार पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में 3, पाकुड़िया में 19, महेशपुर में 13, अमड़ापाड़ा में 1, मालपहाड़ी में 1 तथा रद्दीपुर ओपी क्षेत्र में 1 ताजिया जुलूस निकाला गया।
वहीं 27 जून को मुहर्रम के अवसर पर हिरणपुर थाना क्षेत्र में 3 तथा लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में 1, कुल 4 ताजिया जुलूसों का आयोजन किया जाना है। इन जुलूसों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मस्जिदों, धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में कुल 15 क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को तैनात किया गया है। इन टीमों को लाठी, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन सहित आवश्यक दंगारोधी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा प्रत्येक ताजिया जुलूस पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है ताकि अफवाह फैलाने वाले अथवा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











