Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
जामताड़ा :- अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में जिले में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार, डी.डी. भंडारी एवं समाजसेवी संजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया। इससे पूर्व सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य का आधार भी हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम करने, खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का उद्देश्य लोगों में खेल भावना, एकता, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मैराथन में शामिल युवाओं और खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ पूरी की और ओलंपिक के मूल संदेश—”तेज, ऊंचा और मजबूत”—को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जामताड़ा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सरोज यादव सहित करण राउत, संजय अग्रवाल, हृदयानंद, अनीश रंजन, बिश्नु सेन, सुमित ओझा, रोहित कुमार, हरि सोनकर, राजीव कुमार समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
Reported By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











