दुमका :- हॉकी दुमका व दुमका जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वाधान में कई विद्यालय व संस्थान में चित्रांकन प्रतियोगिता और मैत्री हॉकी का आयोजन किया गया। जिसमें वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता, एकलव्य विद्यालय,काठिजोरिया में मैत्री हॉकी मैच और निशांत आर्ट पेंटिंग एंड ट्यूशन क्लासेज, हरनाकुंडी रोड में चित्रकला प्रतियोगिता कराया गया।
उक्त अवसर पर दुमका जिला कुश्ती संघ के संरक्षक-सह- निदेशक अजय कुमार दुबे,हॉकी दुमका की अध्यक्ष सुमिता सिंह,दुमका जिला कुश्ती संघ के सचिव संदीप कुमार जय बमबम,कोषाध्यक्ष अशोक कुमार राउत, हॉकी दुमका के सचिव शंभू रजक,संयुक्त सचिव कुमार आर्यन आदि की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ और प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

उक्त अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं को ओलंपिक मूल्यों—उत्कृष्टता (Excellence), मित्रता (Friendship) और सम्मान (Respect)—को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

ओलंपिक दिवस प्रत्येक वर्ष 23 जून को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1894 में International Olympic Committee (IOC) की स्थापना हुई थी, जिसके उपलक्ष्य में विश्वभर में यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य खेलों के माध्यम से शांति, एकता और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
इस अवसर पर युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा खेल भावना को बढ़ावा देने की अपील की गई। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।

दुमका जिला कुश्ती संघ एवं हॉकी दुमका ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प व्यक्त किया।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk











