Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Godda :- गोड्डा के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर हुए जानलेवा फायरिंग मामले का गोड्डा पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार, कारतूस, बोलेरो और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर अपराधियों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी। इस मामले में पीड़ित के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या-75/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जे.पी.एन. चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी अंकित यादव, नयन कुमार यादव तथा अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि अनुपम कुमार ने शैलेन्द्र भगत हत्याकांड में गवाही दी थी। इसी रंजिश में योजनाबद्ध तरीके से सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर पिस्टल से फायरिंग की गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच कारतूस, एक बोलेरो और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव और नयन यादव के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट तथा आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में पहले से अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक जे.पी.एन. चौधरी, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी महावीर पंडित, आनंद कुमार साहा, अभिनव आनंद, मुकेश कुमार, पप्पू कुमार, पोड़ैयाहाट थाना के सशस्त्र बल तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Reported By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











