जनसुरक्षा से समझौता नहीं: पाकुड़ में होटल, लॉज और अतिथि गृहों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी जांच.

पाकुड़ :- जिले में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने होटल, लॉज एवं अतिथि गृहों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया।

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

निरीक्षण दल में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, कार्यपालक दंडाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी तथा जिला अग्निशमन पदाधिकारी अजय कुमार सिंह शामिल थे। टीम ने जिले के विभिन्न होटल, लॉज एवं अतिथि गृहों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की।

हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि भवन प्रमंडल विभाग एवं अग्निशमन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के बाद ही ऐसे प्रतिष्ठानों का संचालन किया जाना चाहिए। जनसुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संयुक्त जांच समिति ने निरीक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, जल उपलब्धता समेत अन्य आवश्यक अग्निशमन संसाधनों की विस्तृत जांच की। कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि कुछ स्थानों पर आवश्यक कमियां भी चिन्हित की गईं।

जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों से संबंधित खामियां मिलीं, उन्हें सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुधार कर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित संचालकों को निर्धारित समय सीमा में अनुपालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करना होगा।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर कमियों को दूर नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन स्टैंडर्ड्स (NBCS)-2026, बिल्डिंग बायलॉज-2016 तथा फायर सेफ्टी नियमों के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने संयुक्त जांच समिति को अभियान पूरा कर शीघ्र विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!