Pakur :- पाकुड़: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र स्थित पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

बताया गया कि 20 मई 2026 को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय, पाकुड़ में चोरी की घटना हुई थी। मामले में कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद के आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाबीब शेख उर्फ हिबल शेख उर्फ सरुज शेख (उम्र करीब 22 वर्ष), पिता फिरोज शेख, निवासी नया बल्लभपुर, थाना नगर, पाकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल किया गया लगभग 50 फीट कॉपर केबल तथा तार काटने में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नगर थाना, मुफ्फसिल थाना एवं आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ में विभिन्न मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक आशीष कुमार राम, सहायक अवर निरीक्षक सविता कुमारी समेत नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.











