गोड्डा :- कोषागार से विपत्रों के माध्यम से राशि निकासी एवं उसके समुचित व्ययन को लेकर सोमवार को डीआरडीए सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से की।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

बैठक में विभागवार विपत्रों की प्रस्तुति, स्वीकृति, निकासी और व्यय की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए ही कोषागार से राशि निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं की राशि का उपयोग तय समयसीमा के भीतर पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि त्रुटिपूर्ण या अधूरे विपत्रों के कारण निकासी में विलंब होता है, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। इसलिए सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर विपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आहरण एवं वितरण पदाधिकारियों (DDO) को नियमित रूप से व्ययन की समीक्षा करने और किसी समस्या की स्थिति में वरीय अधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया। कोषागार पदाधिकारी को भी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए गए।
जिला कोषागार पदाधिकारी ने एसी/डीसी विपत्र एवं पीएल खाते से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि एसी (Abstract Contingent) विपत्र के माध्यम से अग्रिम राशि निकाली जाती है, जिसका समायोजन डीसी (Detailed Contingent) विपत्र के जरिए निर्धारित समय में करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी DDO को एसी के विरुद्ध डीसी विपत्र समय पर जमा करने के निर्देश दिए।

पीएल (Personal Ledger) खाते के संबंध में उन्होंने बताया कि इसका उपयोग विशेष परिस्थितियों में किया जाता है और इससे की जाने वाली निकासी केवल अधिकृत उद्देश्यों के लिए ही होनी चाहिए, साथ ही उसका समुचित लेखा-जोखा भी रखा जाना आवश्यक है।
बैठक में अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, एसडीओ वैद्यनाथ उरांव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल, जिला कोषागार पदाधिकारी विजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











