Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
गोड्डा :- में NEET (UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को समाहरणालय सभागार गोड्डा में उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, स्वच्छता एवं अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी तथा कदाचार रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की केंद्रवार प्रतिनियुक्ति की जाएगी, वहीं उड़नदस्ता टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान PM Shri Kendriya Vidyalaya Godda के प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर स्वच्छ कक्ष, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और CCTV निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिले के PM Shri Kendriya Vidyalaya Godda, District CMSOE Godda तथा Jawahar Navodaya Vidyalaya Lalmatia में 3 मई (रविवार) को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक चलेगी। केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जबकि 1:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने, एडमिट कार्ड एवं वैध पहचान पत्र साथ लाने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











