Jamtara :- फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के बाघमारा गाँव के मिर्धा टोला में स्थित तीन चापाकल पिछले लगभग एक महीने से खराब पड़े हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है । लगातार चापाकल खराब रहने के कारण स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अविलंब चापाकलों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
Edited By -: Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

ग्रामीण महिलाओं मोनिका मिर्धा, संजना मिर्धा, शांति मिर्धा, संजना पाड़ी, रुखी मिर्धा, बेली मिर्धा, सुड़की मिर्धा, सोनिया मिर्धा, सारिता मिर्धा, बिमल मिर्धा, सोनम मिर्धा, सेवा मिर्धा और मामोनी मिर्धा सहित अन्य लोगों ने बताया कि चापाकल एक महीने से खराब रहने के कारण गांव में पानी की भारी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि यह चापाकल स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी पेयजल का प्रमुख साधन था।

इसके खराब हो जाने से राहगीरों को भी कड़ी धूप में पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले से ही पेयजल की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने विभागीय कनीय अभियंता (जेई) से शीघ्र कार्रवाई करते हुए चापाकलों की मरम्मत कराने तथा क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।कनीय अभियंता विकास कुमार दास ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत अनेकों चापाकलों की मरम्मत की जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित चापाकल को भी जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।
Repoted By :- Md Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











