बरहरवा :- रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को शुक्रवार रात करीब 20:55 बजे सक्षम प्राधिकारी से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 14004 (नई दिल्ली–मालदा टाउन एक्सप्रेस) में एक व्यक्ति यात्रियों के चोरी किए गए एंड्रॉयड मोबाइल फोन लेकर सफर कर रहा है।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ बरहरवा, सीपीडीएस टीम और सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर पहुंचने (21:05 बजे) के बाद सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान सामान्य कोच (जीएस कोच संख्या NR-163408/C) में बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके शरीर पर पहनी हाफ गंजी में बने गुप्त पॉकेट से कुल 08 चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकबाल शेख (57 वर्ष), निवासी महब्बतपुर, थाना कालियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने नई दिल्ली से बरहरवा के बीच यात्रा के दौरान यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी किए थे।
बरामद मोबाइल फोन में OnePlus, POCO, Samsung, Vivo, Motorola और Apple iPhone जैसे विभिन्न कंपनियों के महंगे फोन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹5,01,992/- आंकी गई है। सभी मोबाइल फोन बिना सिम कार्ड के लॉक स्थिति में पाए गए।
आरपीएफ टीम ने मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची तैयार कर सभी मोबाइल फोन जब्त किए तथा नवीन कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों से गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन किसी ने सहमति नहीं दी।
इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई। गिरफ्तार आरोपी को जब्त मोबाइल फोन, संबंधित दस्तावेजों एवं शिकायत पत्र के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ, सीपीडीएस एवं सीआईबी की संयुक्त टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़े मोबाइल चोरी गिरोह का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
Repoted By :- Arvind Thakur, Shaibganj, Prime Time News.











