Edited By –Shashi Kumar Prime Time News Desk.
Pakur :- ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी स्वयं मैदान में उतरे और शहर के विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों तथा प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया।
Repoted By :- Saroj Jha(Pakur, Prime Time News)
सुबह से ही दोनों अधिकारियों ने कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने आम नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और उनसे बातचीत कर क्षेत्र के माहौल का जायजा लिया। अधिकारियों का यह सहज और मित्रवत व्यवहार लोगों को काफी पसंद आया, वहीं नागरिकों ने भी प्रशासन की सक्रियता की सराहना की।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि ईद खुशियों और मेल-मिलाप का पर्व है, इसलिए सभी लोग मिलजुलकर इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।











