समाहरणालय सभागार, दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति, वितरण प्रणाली तथा उपभोक्ता सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
गैस एजेंसी प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है तथा गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। यदि कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित एजेंसी जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित सरकारी दर पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध रहे। बैठक में यह जानकारी दी गई कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता गैस सिलेंडर की बुकिंग के 25 दिन बाद पुनः बुकिंग करा सकेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिन बाद दोबारा बुकिंग कर सकेंगे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के राइस मिलर्स के साथ भी समीक्षा बैठक की। उन्होंने धान अधिप्राप्ति कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा मिलर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जानकारी दी गई कि जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित विभिन्न गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Editor By -Shashi Kumar (Prime Time News Desk)











