देवघर: जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने तथा सामाजिक बुराइयों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ के नेतृत्व में आज पुलिस कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी और वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
Repoted By :- Krishna Goswami (PTN Deoghar)
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक ने जहां अपराध समीक्षा की, वहीं दो गंभीर विषय—नशे के बढ़ते कारोबार और नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने—पर पुलिस बल को सख्त निर्देश जारी किए।
एसपी के सख्त बयान के मुख्य अंश
• नशा माफियाओं पर शिकंजा
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि देवघर को नशा मुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। नशा तस्करों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी तय की जाएगी और इस लड़ाई को अभियान नहीं, बल्कि एक मुहिम बनाकर चलाया जाएगा।
• नाबालिग ड्राइविंग: माता-पिता बनेंगे जिम्मेदार
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और कानून के प्रति अनुशासन स्थापित करने के लिए एसपी ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है और यह उनके साथ-साथ दूसरों की जिंदगी के लिए भी खतरा है।
अब से यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन मालिक (माता-पिता/अभिभावक) को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस चालान के साथ वाहन जब्ती और अभिभावकों पर कानूनी कार्रवाई भी करेगी।
बैठक में उठाए गए अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
• जनता से संवाद: आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी समस्या या सूचना को लेकर पुलिस से संपर्क करने में हिचकिचाएं नहीं। जरूरत पड़ने पर सीधे वरिष्ठ अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है।
• 90% मामलों का निष्पादन: पिछले माह के लगभग 90 प्रतिशत आपराधिक मामलों का निष्पादन कर लिया गया है।
• सम्मान योजना: 21 बुजुर्ग नागरिकों से पुलिस सीधे संपर्क में है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि नशा और नाबालिग ड्राइविंग जैसे मामलों में सख्ती से देवघर की जनता को जल्द ही भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
Editor By -Shashi Kumar (PTN NEWS DESK)











