Deoghar – डीसी और एसपी की संयुक्त बैठक में कड़े निर्देश, जब्त वाहनों पर होगी एफआईआर.
देवघर जिले में अवैध बालू खनन और उठाव पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में 12 फरवरी को आयोजित बैठक में अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विस्तृत रणनीति तय की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि विशेष रूप से रात्रि के समय अवैध खनन की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी हाल में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाए। बैठक में कहा गया कि अवैध खनन में संलिप्त वाहनों को तुरंत जब्त किया जाए और वाहन मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाए। डीसी ने अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को समन्वय के साथ अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई न हो।
शहर के प्रवेश मार्गों पर बनेगी चार चेक पोस्ट, लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
शहरी क्षेत्र में अवैध बालू के प्रवेश को रोकने के लिए चार स्थानों पर स्थायी चेक पोस्ट बनाने का निर्णय लिया गया है। इन चेक पोस्टों पर रात्रि के समय विशेष निगरानी रहेगी और सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे अवैध ढुलाई पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। डीसी ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि किसी भी जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायतों में अवैध रूप से काटे जा रहे चालानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
194 पंचायतों में साइबर जागरूकता अभियान भी चलेगा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले की 194 पंचायतों में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों को साइबर ठगी और अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचाव की जानकारी देना है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अवैध रूप से जमा किए गए बालू के स्टॉक को भी जब्त किया जाए। एसपी ने चिन्हित बालू माफियाओं पर विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, माइनिंग इंस्पेक्टर, एमवीआई, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Editor By -Shashi Kumar.(Prime Time News)











