Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
जामताड़ा :- मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय, जामताड़ा में मंगलवार को कल्याण विभाग की ओर से छात्र-हित में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के 73 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल को अपनी पढ़ाई के लिए बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, प्रखंड प्रमुख लुखीमुनी सोरेन तथा प्रमुख प्रतिनिधि आनंद टुडू ने संयुक्त रूप से छात्रों को साइकिल प्रदान कर किया। अतिथियों ने छात्रों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ छात्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य दूर-दराज के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई दूरी के कारण प्रभावित न हो। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की अपील की। प्रखंड प्रमुख लुखीमुनी सोरेन ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। साइकिल मिलने से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को समय की बचत होगी और उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी जितेंद्र साहू ने कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सरकारी सुविधाओं को पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है। उन्होंने छात्रों से योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक राजू प्रसाद भगत, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक एबीमाइल टुडू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए किया गया। विद्यालय परिवार ने सरकार और कल्याण विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











