पाकुड़: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को लेकर जिला स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई और पात्र लाभुकों को स्वीकृति प्रदान की गई।
Repoted By :- Saroj Jha (Pakur,PTN)
बैठक के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी अरूण कुमार एक्का ने जानकारी दी कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है। जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
समिति ने गहन परीक्षण के उपरांत सर्वसम्मति से 24,116 नए आवेदनों को स्वीकृति दी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वीकृत सूची को अविलंब कोषागार से विपत्र पारित कराते हुए डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से छात्रवृत्ति राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहयोग मिल सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन विद्यार्थियों की शैक्षणिक उन्नति के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
Editor By -Shashi Kumar(PTN NEWS DESK)











