Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में महिला की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को शामपुर गांव में एक महिला के सिर एवं गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी हथीया हेम्ब्रम (55 वर्ष), पिता स्व. जेटा हेम्ब्रम, निवासी शामपुर, थाना लिट्टीपाड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











