सुरक्षित बचपन के लिए बच्चों को किया गया जागरूक, अधिकारों और कानूनों की दी गई जानकारी

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़, झारखंड। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वावधान में पाकुड़ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय संग्रामपुर में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और कानूनी अधिकारों को लेकर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और किसी भी प्रकार के खतरे से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला, डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा, थाना प्रभारी गौरव कुमार, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल तथा स्थायी लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

गुड टच-बैड टच और डिजिटल सुरक्षा की दी गई जानकारी

शिविर में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने बच्चों को सरल भाषा और कहानियों के माध्यम से गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा एवं संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी परिस्थिति में असहज महसूस होने पर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि मोबाइल गेम, सोशल मीडिया या किसी अन्य ऑनलाइन माध्यम से यदि कोई अनजान व्यक्ति फोटो, निजी जानकारी अथवा ओटीपी मांगता है, तो उसे साझा नहीं करना चाहिए। बच्चों को अनजान लोगों के प्रलोभन से बचने और इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई।

बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ किया जागरूक

स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने बच्चों को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए शिक्षा के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को बहला-फुसलाकर काम कराने के लिए ले जाना अपराध है। बच्चों को बाल श्रम से बचाना और उनकी शिक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान बच्चों को पोक्सो एक्ट, बाल अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और बाल श्रम कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में भी बताया गया, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकें।

अनुशासन और अच्छी आदतें अपनाने की अपील

डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा ने बच्चों को चाइल्ड एक्ट एवं लेबर एक्ट की जानकारी देते हुए अनुशासन में रहने, अच्छी आदतें अपनाने, बड़ों का सम्मान करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और शिकायत से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, शोषण या खतरे की स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।

नशे के दुष्प्रभावों से भी कराया गया अवगत

कार्यक्रम का संचालन इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेडएच विश्वास ने किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का सुरक्षित और खुशहाल बचपन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के जिला कोऑर्डिनेटर ने बच्चों को नशे की लत से होने वाले दुष्प्रभावों और सुरक्षित व्यवहार के बारे में जागरूक किया।

इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिका पूजा कुमारी, शिक्षक अनूप कुमार, विद्यालय अध्यक्ष अजफरुल अंसारी, मदरसा के सलीम शेख, ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के महावीर लाल चौधरी, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स याकूब अली एवं नीरज कुमार राउत सहित छात्रा हमीदा खातून, नजमीना खातून और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संदेश: बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना एक बेहतर समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संवाददाता: सरोज झा,प्राइम टाइम न्यूज़,पाकुड़।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!