Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Godda :- महागामा प्रखंड के सिमड़ा गांव में मंगलवार को मां कालेश्वरी की वार्षिक पूजा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भारी भीड़ देखी गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में पुरुष एवं युवाओं ने पहुंचकर मां कालेश्वरी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, फूल-माला एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के उपरांत महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजन को लेकर पूजा समिति एवं ग्रामीणों ने व्यापक तैयारी की थी। मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट की गई थी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन के दौरान ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे कार्यक्रम का संचालन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूजा समिति ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News, Godda.











