Dumka :- दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाका पंचायत के मंझलाडीह गांव में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने अचानक एक भालू को आबादी वाले इलाके में घूमते हुए देखा। भालू के दिखने से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना शिकारीपाड़ा वन विभाग की टीम को दी।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
इस घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच एक अलग चर्चा भी गर्म है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक भालू का खेल दिखाने वाला (मदारी) अपने भालू के साथ इस गांव में आया था। ऐसे में ग्रामीणों को शक है कि आबादी के बीच दिखने वाला यह भालू वही हो सकता है, जो किसी वजह से छूट गया या भटक गया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और भालू को पकड़ने के अभियान में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद वन कर्मियों ने भालू को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया, जिसके बाद जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए भालू को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है और उसे आगे की देखभाल व जांच के लिए जल्द ही रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।
Repoted By :- Lalit Kumar, Prime Time News,Dumka.











