वार्ड पार्षद निभा देवी की पहल रंग लाई, पाकुड़ मालगोदाम रोड पर लगेगी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन.

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :-  पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे रेल यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित की जाएगी। नगर परिषद के वार्ड संख्या-11 की वार्ड पार्षद निभा देवी की पहल पर पूर्व रेलवे, हावड़ा मंडल ने इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे शहर के पूर्वी क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, विगत माह वार्ड पार्षद निभा देवी ने मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व रेलवे हावड़ा को पत्र लिखकर मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे एटीवीएम लगाने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में बताया था कि इस मार्ग से आने वाले यात्रियों को टिकट लेने के लिए मुख्य स्टेशन भवन तक जाना पड़ता है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ते हैं। कई बार समय पर टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करनी पड़ती है और टिकट जांच के दौरान जुर्माना भी भरना पड़ता है।

इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व रेलवे हावड़ा की ओर से राहुल रंजन ने उक्त स्थल पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित करने की अनुमति प्रदान कर दी है।

अनुमति मिलने के बाद वार्ड पार्षद निभा देवी की उपस्थिति में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि मंडल मुख्यालय से एटीवीएम स्थापना के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने का आदेश प्राप्त हो चुका है। आदेश के अनुरूप स्थल का विकास कर मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

गौरतलब है कि इस मशीन के लगने से रेलवे कॉलोनी, सिद्धार्थनगर, ईशाकपुर, मनीरामपुर, रहसपुर, इलामी, हरिगंज, नवादा, संग्रामपुर, नवरत्तमपुर, जयकिष्टोपुर, रघुनंदनपुर (चांचकी), चांदपुर समेत कई पंचायतों और पाकुड़ शहर के पूर्वी भाग के यात्रियों को टिकट लेने के लिए स्टेशन परिसर तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया भी अधिक सुगम हो जाएगी।

इस निर्णय से स्थानीय रेल यात्रियों और आम लोगों में खुशी का माहौल है। सुशील साहा, मुरारी मंडल, मिथुन यादव, मिथिलेश मंडल, पंकज मिश्रा, मो. अलीम शेख, मोती शेख, अचिंत बनर्जी, बापी यादव, कन्हैया रजक, दीपक प्रमाणिक सहित कई लोगों ने वार्ड पार्षद निभा देवी के प्रयासों और पूर्व रेलवे के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि एटीवीएम लगने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा और समय पर आसानी से टिकट उपलब्ध हो सकेगा।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि यह सुविधा शुरू होने से पाकुड़ के पूर्वी क्षेत्र के हजारों दैनिक रेल यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही टिकट संबंधी परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!