मिहिजाम थाना क्षेत्र के हांसीपहाड़ी रोड पर संचालित अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

जमाताड़ा :- मिहिजाम थाना क्षेत्र के हांसीपहाड़ी रोड पर संचालित अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान अवैध धंधे में संलिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 की रात करीब 10 बजे मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा को गुप्त सूचना मिली थी कि हांसीपहाड़ी रोड स्थित दो दुकानों में देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है तथा वहां अवैध रूप से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया।

पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार एवं सशस्त्र बलों की टीम ने रात करीब 10:30 बजे चिह्नित ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर दोनों दुकानों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने हांसीपहाड़ी निवासी जीतू बाउरी (26) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 180 एमएल की मैकडॉवेल ब्रांड की 18 बोतल तथा इंपीरियल ब्लू की 23 बोतल बरामद की गई। वहीं, नंदू यादव उर्फ नन्दलाल यादव (24) के पास से 180 एमएल की इंपीरियल ब्लू की 25 बोतल और मैकडॉवेल की 30 बोतल जब्त की गई।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मिहिजाम थाना में दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275, 292 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया है।

मामले की अग्रिम जांच एएसआई सुजान रेवानी को सौंपी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है, जबकि अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Reported By :- Goutam Thakur, Prime Time News, Jamtara.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!