Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
कोलकाता/पाकुड़ :- ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन हावड़ा मंडल के अध्यक्ष-सह-भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय एवं मंडल सचिव राणा शुक्ला ने पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात कर रेल यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक शिवराम मांझी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान करीब 40 मिनट तक रेल संचालन, यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न तकनीकी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख मांगों के साथ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी महाप्रबंधक के समक्ष रखे।
रामपुरहाट–साहिबगंज नई मेमू ट्रेन चलाने की मांग.
एसोसिएशन ने मांग की कि रामपुरहाट से साहिबगंज के बीच नई मेमू ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाए। प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 1:15 बजे रामपुरहाट से प्रस्थान कर शाम तक साहिबगंज पहुंचे, जबकि अगले दिन सुबह 9 बजे साहिबगंज से खुलकर तीनपहाड़, बरहरवा, पाकुड़ और मुरारोई होते हुए रामपुरहाट पहुंचे। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रोड ओवर ब्रिज निर्माण की मांग दोहराई.
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में उठाई गई मांग को दोहराते हुए ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 (पाकुड़ वेस्ट केबिन) तथा एलसी गेट आईसी एवं टुसी, मालपहाड़ी अंतरराज्यीय सड़क पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की मांग की। एसोसिएशन ने कहा कि इन स्थानों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, इसलिए शीघ्र आरओबी का निर्माण आवश्यक है।
काजीरंगा एक्सप्रेस के पाकुड़ ठहराव की मांग ज्ञापन में* कोलकाता–काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस का पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा प्रसिद्ध पत्थर व्यवसायी लुतफल हक द्वारा पाकुड़ रामगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु चार अनुदानित फ्रिज रेलवे को हस्तांतरित करने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया।
स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट एवं वीडियो वॉल लगाने की मांग.
प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऑटो स्टैंड में हाईमास्ट लाइट और वीडियो वॉल लगाने की भी मांग रखी, ताकि यात्रियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं रेलवे संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध हो सकें।
महाप्रबंधक ने दिया सकारात्मक आश्वासन.
महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी आवश्यक कदम रेल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू ट्रेन के प्रस्ताव पर रेलवे ट्रैक की उपलब्धता और परिचालन व्यवस्था का परीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक रौशन कुमार को समय-सारणी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
महाप्रबंधक ने यह भी कहा कि कोलकाता–काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस के पाकुड़ ठहराव के प्रस्ताव पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 पर रोड ओवर ब्रिज निर्माण को जांच के उपरांत स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। हालांकि मुरारोई–बरहरवा रेलखंड पर दो अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने की प्रस्तावित योजना के कारण प्रक्रिया में कुछ विलंब हो रहा है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
साथ ही एलसी गेट आईसी एवं टुसी, मालपहाड़ी अंतरराज्यीय सड़क पर रोड ओवर ब्रिज निर्माण के लिए पुनः जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं.
महाप्रबंधक ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऑटो स्टैंड में वीडियो वॉल एवं हाईमास्ट लाइट लगाने की अनुमति भी प्रदान कर दी है। इससे यात्रियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ रेलवे संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं भी आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
यात्रियों के हित में लगातार प्रयास.
ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन लंबे समय से पूर्व रेलवे क्षेत्र के यात्रियों की समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। महाप्रबंधक द्वारा विभिन्न मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाना क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए सुखद संकेत है और उम्मीद है कि इन मांगों पर शीघ्र ही अमल होगा।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











