Dumka :- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दुमका में विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की बैठक अत्यंत गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त, दुमका सह अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति अभिजीत सिन्हा ने की।
बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई। विशेष रूप से शहरी क्षेत्र से विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्या पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए इसके स्थायी समाधान हेतु समन्वित पहल करने पर बल दिया गया।
विद्यालय प्रशासन द्वारा शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षा परिणामों, खेल-कूद में सहभागिता, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा भावी योजनाओं का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त ने विद्यालय में गुणवत्ता उन्मुख शिक्षा, नवाचार एवं अनुशासनात्मक वातावरण की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, सरैयाहाट को विद्यालय परिसर में 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही शैक्षणिक भवन (Academic Block) में सोलर लाइट व्यवस्था सुनिश्चित कर विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक उपरांत उपायुक्त द्वारा 600 वर्गफुट में स्थापित आधुनिक रोबोटिक्स लैब एवं 1000 वर्गफुट के अत्याधुनिक स्किल लैब का विधिवत उद्घाटन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित नवाचारी परियोजनाओं, तकनीकी मॉडलों एवं स्वनिर्मित उपकरणों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
उपायुक्त ने छात्रों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एआर/वीआर लैब एवं भाषा प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत ICICI Foundation द्वारा प्रायोजित तीरंदाजी सुविधा का उद्घाटन भी उपायुक्त द्वारा किया गया। इस दौरान लक्ष्य भेदन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया तथा विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय सहभागिता और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर “फुटबॉल फॉर स्कूल” कार्यक्रम एवं “प्रेरणा उत्सव” का भी सफल आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
समग्र रूप से यह आयोजन विद्यालय के लिए ऐतिहासिक, प्रेरणास्पद एवं विकासोन्मुखी सिद्ध हुआ। इससे न केवल शैक्षणिक, तकनीकी एवं खेल अवसंरचना को सुदृढ़ता मिली, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार की भावना एवं उत्कृष्टता की नई ऊर्जा का संचार भी हुआ।
उपायुक्त के विद्यालय आगमन पर बैंड दल, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभावशाली मार्चपास्ट एवं सलामी दी गई। विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
Editor By -Shashi Kumar (PTN NEWS DESK)











