पाकुड़: पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

बैठक में बताया गया कि मार्च माह में दर्ज 106 कांडों की तुलना में 110 कांडों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया।

गृहभेदन एवं छिनतई जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्ती और टाइगर मोबाइल द्वारा सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया। वहीं अवैध कोयला, पत्थर और बालू के उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

सामाजिक अपराधों की रोकथाम के लिए बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार और सड़क सुरक्षा विषयों पर स्कूलों एवं कॉलेजों में हर माह जागरूकता अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीटबेल्ट, रजिस्ट्रेशन एवं इंश्योरेंस की जांच करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, गंभीर एवं संपत्तिमूलक अपराधों में संलिप्त अपराधियों की निगरानी के लिए दागी, निगरानी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कर सतत निगरानी रखने का आदेश दिया गया। न्यायालय में लंबित मामलों में गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभिलेखों को समय पर प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया।

थानों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी JPSC एवं अन्य परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया।

बैठक के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को e-Sakshya App के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया तथा इसके संचालन में आ रही समस्याओं का समाधान किया गया।

अंत में, महेशपुर, पाकुड़िया, मुफ्फसिल, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, मालपहाड़ी ओपी एवं सिमलोंग ओपी के थाना प्रभारियों को जून 2025 से अब तक वारंट निष्पादन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.











