Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त के निर्देश पर शनिवार को वरीय पदाधिकारियों की टीम ने पाकुड़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। टीम में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों ने सरस्वती पुस्तकालय, श्मशान कालीघाट, राजापाड़ा, रेलवे स्टेशन, कालिकापाड़ा एवं शीतला मंदिर समेत विभिन्न पूजा स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पंडालों में प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल जैसी सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर
पदाधिकारियों ने पूजा समितियों को पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित रखने तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते को पूरी तरह बाधारहित रखने को कहा गया।
यातायात व भीड़ प्रबंधन को लेकर निर्देश
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव करने को भी कहा गया।
वरीय पदाधिकारियों ने पूजा समितियों से जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। जिला प्रशासन की ओर से दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











