Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़ :- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि समीर शेख उर्फ एनामुल शेख उर्फ गामा (पिता- मनारूल शेख) ने अपनी पत्नी सोनाभान बीबी (26) पर पहले पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, इसके बाद धारदार हसुआ से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे आरोपी के पिता मनारूल शेख भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सोनाभान बीबी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मनारूल शेख का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हसुआ बरामद कर जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुफस्सिल थाना प्रभारी *गौरव कुमार* ने बताया कि घटना के बाद आरोपी एनामुल शेख उर्फ गामा फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शाम होने के कारण मृतका का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। नियमानुसार पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद नरोत्तमपुर गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.











