ग्रीन जामताड़ा बनाने की तैयारी तेज, विश्व पर्यावरण दिवस पर जामताड़ा में लगेंगे 2000 पौधे

Jamtara :-  विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर जामताड़ा नगर पंचायत ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, एनजीओ और युवाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

बैठक में पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण अभियान तथा जामताड़ा को “ग्रीन जामताड़ा” बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सह भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सत्यमेव जयते फाउंडेशन, सर्वोदय सेवा समिति जामताड़ा, जामताड़ा वालंटियर ब्लड डोनर संगठन समेत कई सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य है कि आगामी 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में कम से कम 2000 पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखना और उन्हें बड़ा करने की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर निभानी होगी। उन्होंने कहा कि शहर के चारों ओर हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नगर पंचायत द्वारा पौधरोपण के लिए स्थानों की पहचान करने के साथ-साथ उसके संरक्षण की भी योजना बनाई जा रही है। वहीं समाजसेवी सह भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत में पहली बार सभी सामाजिक संगठनों, एनजीओ, स्कूल संचालकों, वन विभाग के कर्मियों, विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों की इतनी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जामताड़ा को “ग्रीन जामताड़ा” बनाना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जिले के व्यापारी वर्ग, युवाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस अभियान को सफल बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और शुद्ध वातावरण मिल सके।

बैठक में उपस्थित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने सुझाव रखे तथा पौधरोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। साथ ही स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारे बड़े स्तर पर पौधरोपण करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। नगर पंचायत की इस पहल को लेकर सामाजिक संगठनों और युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि सामूहिक प्रयास के साथ यह अभियान चलाया गया तो आने वाले समय में जामताड़ा हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के लिए एक नई पहचान बना सकेगा।

Repoted By :- MD Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!