Dumka – नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के मद्देनज़र उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने राजकीय केंद्रीय कन्या मध्य विद्यालय दुमका (दक्षिण भाग एवं उत्तर भाग) स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं — पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था — का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएँ।इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय के छात्रों से संवाद कर पठन-पाठन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना का भी निरीक्षण किया। मध्याह्न भोजन की मात्रा अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को कारण स्पष्ट करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी के कार्यालय का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी अनुपस्थित पाए जाने पर उनसे स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया। कार्यालय में कीटनाशक दवा उपलब्ध पाए जाने पर फील्ड ऑफिसर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कीटनाशक दवाओं के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए किसानों के बीच नियमानुसार वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कृषि कार्यों में इसका समुचित लाभ मिल सके।उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागीय पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ करें, ताकि निर्वाचन कार्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी रूप से हो सके।
Editor By -Shashi Kumar (PTN NEWS DESK)











