पाकुड़ में देर रात चला सघन वाहन जांच अभियान, 22 वाहनों से 2.34 लाख रुपये जुर्माना वसूला

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :-  सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पाकुड़ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से देर रात सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रक और हाईवा समेत 40 से 50 भारी व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों से कुल 2 लाख 34 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

यह विशेष अभियान 30 अक्टूबर की रात 11 बजे से 31 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे तक चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी स्वयं मौजूद रहे। प्यादापुर चेक पोस्ट, डीसी आवास चौक, नगर पालिका चेक पोस्ट गोकुलपुर, जयकिशटोपुर कांटाघर और पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क मार्ग पर खनन सामग्री का परिवहन करने वाले भारी वाहनों की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान वाहनों के रोड टैक्स, फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस सहित तमाम जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा, वैध नंबर प्लेट, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न और वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलावों पर भी अधिकारियों की विशेष नजर रही।

क्षमता से अधिक गिट्टी लदे हाईवा पर 58,500 रुपये का चालान

अभियान के दौरान एक हाईवा ने भी परिवहन विभाग की कार्रवाई को आकर्षित किया। WB65J-5284 नंबर के इस हाईवा की जांच में निर्धारित क्षमता से करीब 8 टन अधिक गिट्टी लदे होने का मामला सामने आया। इसके बाद विभाग ने अतिरिक्त कार्रवाई करते हुए वाहन के खिलाफ 58,500 रुपये का ऑनलाइन ई-चालान जारी किया।

लंबित ई-चालान का भुगतान करने की अपील

जिला परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपने वाहनों पर लंबित ई-चालान की जांच कर जल्द भुगतान करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, संबंधित सरकारी पोर्टल पर वाहन का विवरण दर्ज कर बकाया चालान की स्थिति देखी जा सकती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान लंबित चालान पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भुगतान नहीं करने की स्थिति में वाहन जब्त करने सहित कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जारी रहेगा जांच अभियान

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर नियमित जांच की जाएगी।

प्रशासन ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने, वाहन के सभी जरूरी कागजात दुरुस्त रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

स्पष्ट है कि सड़क सुरक्षा के मामले में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकुड़ में देर रात हुई इस कार्रवाई ने वाहन चालकों और खासकर भारी व्यावसायिक वाहनों के मालिकों को सख्त संदेश दे दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी तय है।

संवाददाता – सरोज झा, प्राइम टाइम न्यूज़, पाकुड़।

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!