पाकुड़: जिले में उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने शनिवार को सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सह प्री-नर्सरी स्कूल (रसीकटोला) तथा हिरणपुर प्रखंड के मणिडांगा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दी जा रही शिक्षा, पोषण, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

निरीक्षण की शुरुआत सोनाजोड़ी केंद्र से हुई, जहां उपायुक्त ने सेविका द्वारा संचालित समावेशी शिक्षा, दैनिक गतिविधियों और प्रारंभिक शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे आहार, पोषाहार की गुणवत्ता और पोषण वाटिका का अवलोकन किया तथा संतुलित और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।उपायुक्त ने केंद्र में उपलब्ध उपकरणों जैसे लंबाई और वजन मापने की मशीन का निरीक्षण कर उनके नियमित उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने अटेंडेंस रजिस्टर की जांच कर बच्चों की उपस्थिति व्यवस्था का भी आकलन किया। साथ ही केंद्र परिसर की साफ-सफाई, बच्चों के स्वास्थ्य और बढ़ती गर्मी के मद्देनजर जरूरी सावधानियां बरतने को कहा। उन्होंने सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इसके बाद उपायुक्त हिरणपुर प्रखंड के मणिडांगा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने इसे मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को बेहतर शिक्षण और पोषण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान सेविका द्वारा बिजली और पेयजल की समस्या उठाए जाने पर उपायुक्त ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव हैं और यहां शिक्षा, पोषण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। *
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.











