पाकुड़ में जेटेट परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, सुबह 6 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे सुरक्षाकर्मी एसपी अनुदीप सिंह ने दिए सख्त निर्देश, अभ्यर्थियों की होगी सघन जांच; सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी निगरानी

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए पाकुड़ जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर गुरुवार को रविंद्र भवन, पाकुड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 1 नवंबर को सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी सुबह 6 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर को सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी सुरक्षाकर्मी केंद्रों पर तैनात रहेंगे। परीक्षा सामग्री कोषागार अथवा बज्रगृह के लिए रवाना होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

संबंधित थाना और ओपी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों तथा आसपास के इलाकों में लगातार गश्त करेंगे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उड़नदस्ता दल करेगा केंद्रों का सत्यापन

कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए गठित उड़नदस्ता दल परीक्षा से एक दिन पहले सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन करेगा। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी या त्रुटि मिलने पर उसे दूर कराने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा के दिन भी उड़नदस्ता दल केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेगा। वहीं, जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहकर सभी परीक्षा केंद्रों से प्रत्येक दो घंटे में खैरियत रिपोर्ट प्राप्त करेगा।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

अभ्यर्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि जांच के दौरान अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

परीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात प्रभारी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस केंद्र में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ क्यूआरटी बल को तैयार रखा जाएगा।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

जेटेट परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। साइबर सेल को परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेटेट परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा, यातायात, निगरानी और विधि-व्यवस्था से जुड़े सभी स्तरों पर सतर्कता बरती जाएगी।

संवाददाता: सरोज झा | प्राइम टाइम न्यूज़, पाकुड़

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!