Edited By. :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
हिरणपुर (पाकुड़)। पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डांगापाड़ा चौक के समीप बिदाडीह गांव के पास एक युवक विदेशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 40 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार युवक की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव निवासी 33 वर्षीय रोहित कुमार मंडल के रूप में हुई है। बरामद शराब में रॉयल स्टैग और स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 ब्रांड की बोतलें शामिल बताई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संवाददाता: सरोज झा,प्राइम टाइम न्यूज़,पाकुड़।।











