PTN Desk :- मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी के खिलाफ सीआईबी मालदा और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चार संदिग्ध TOPB अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन के साथ रेलवे TTE से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और वर्दी भी बरामद की गई है।दरअसल, 28 सितंबर को सीआईबी मालदा और आरपीएफ पोस्ट मालदा टाउन की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पार्सल गेट के पास चार संदिग्ध युवक नजर आए। आरपीएफ टीम को देखते ही चारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अक्षय सरकार, निजिल शेख, शेख रबीउल और राहुल शेख के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं, अक्षय सरकार के पास मौजूद ग्रे रंग के बैकपैक से रेलवे TTE से संबंधित पहचान-पत्र, चेकिंग अथॉरिटी कार्ड, Suggestion-cum-Complaints Book, TTE की वर्दी और बैज समेत कई महत्वपूर्ण रेलवे दस्तावेज बरामद किए गए।
जांच टीम के मुताबिक, आरोपियों ने बरामद मोबाइल फोन और बैकपैक के संबंध में कोई वैध बिल या स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। पूछताछ में उनके द्वारा इन सामानों को न्यू फरक्का–मालदा टाउन रेल मार्ग की ट्रेनों और यात्रियों से चोरी किए जाने की बात कथित रूप से बताई गई है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ICJS और CCTNS से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की गई है। रिकॉर्ड में चारों के खिलाफ पूर्व के अलग-अलग आपराधिक मामलों से संबंधित प्रविष्टियां मिली हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी यात्री सामान चोरी के अन्य मामलों में भी शामिल तो नहीं हैं।
मामले में GRPS मालदा टाउन में केस नंबर 121/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 को BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन, रेलवे दस्तावेज, वर्दी और अन्य सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए GRPS मालदा टाउन को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल फोन और रेलवे दस्तावेजों का चोरी या गुमशुदगी के रिकॉर्ड से मिलान कर रही है। साथ ही अन्य लंबित मामलों में आरोपियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच जारी है।











