Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Pakur :- पाकुड़ में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए.
पाकुड़ समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में 16 सितंबर 2026 को अगस्त माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने की।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, अपर लोक अभियोजक और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसपी ने गणेश चतुर्थी के मूर्ति विसर्जन और आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।

अपराध के मामलों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि अगस्त माह में जिले में कुल 94 कांड प्रतिवेदित हुए, जबकि पुलिस ने 124 मामलों का निष्पादन किया। लंबित मामलों के जल्द निष्पादन को लेकर भी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
वहीं POCSO एक्ट से जुड़े मामलों का निर्धारित समय में निष्पादन, IT Act और NDPS Act से संबंधित मामलों में तेजी लाने तथा लंबित वारंट और कुर्की के मामलों के निष्पादन का लक्ष्य तय किया गया।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने सख्ती के निर्देश दिए। परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच करने के साथ-साथ Drunk & Drive के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय या सिद्धदोष अपराधकर्मियों पर निगरानी रखने और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
एसपी ने थाना आने वाले शिकायतकर्ताओं और महिलाओं के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों पर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
सड़क सुरक्षा, डायल-112, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार, डायन प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ स्कूल, कॉलेज, हाट-बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही अवैध पत्थर, कोयला और बालू के उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ मिलकर छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ Zero Tolerance की नीति के तहत लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
कुल मिलाकर पाकुड़ पुलिस की इस अपराध गोष्ठी में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Pakur.











