Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
Pakur :- पाकुड़ के रेलवे मैदान में आयोजित 28वें गणपति महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही गणपति दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही, वहीं शाम होते ही पूरा रेलवे मैदान भक्तिमय माहौल में डूब गया।
सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में पूजा-अर्चना के बाद बाबा गणपति जी की भव्य महाआरती की गई। गाजे-बाजे और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। पुरोहित सजल चटर्जी और शुभो सहाना ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
महाआरती के बाद सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित और फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा नृत्य प्रतियोगिता, जिसमें कोलकाता, मालदा, रामपुरहाट, जंगीपुर, भागलपुर और साहिबगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कोलकाता से पहुंचे निर्णायक उज्ज्वल हालदार और शंकर लाल साहा ने प्रतियोगिता की जिम्मेदारी संभाली, जबकि उद्घोषक कैलाश मध्यान्ह ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में जोश भर दिया।
मंच पर कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खास तौर पर छोटे-छोटे बाल कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। बच्चों के आत्मविश्वास और बेहतरीन प्रदर्शन ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निरीक्षक-सह-प्रभारी अनिल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी रवि राकेश ने भी कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Repoted By :- Saroj Kumar Jha, Prime Time News, Pakur.











