गणेश चतुर्थी पर रेलवे मैदान में सजेगा 28वां गणपति महोत्सव, चार दिनों तक गूंजेगी भक्ति और संस्कृति की धूम

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

Pakur :- 14 से 17 सितंबर तक धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती, नृत्य प्रतियोगिता, मटका फोड़ और डांडिया कार्यक्रम; नई कार्यकारिणी का गठन
पाकुड़: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विघ्नहर्ता बाबा गणपति के 28वें गणपति महोत्सव को इस वर्ष भव्य, आकर्षक और भक्तिमय स्वरूप में मनाया जाएगा। 14 से 17 सितंबर तक पाकुड़ के रेलवे मैदान में आयोजित होने वाले चार दिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, रेलवे मैदान पाकुड़ की बैठक मंगलवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर के सत्संग भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राणा शुक्ला ने की। इस दौरान गणेश पूजा समिति के संस्थापक हिसाबी राय, अखिलेश कुमार चौबे एवं संजय कुमार ओझा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2025 में आयोजित गणपति महोत्सव की समीक्षा की गई तथा आगामी 28वें गणपति महोत्सव को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं भक्तिमय बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आयोजन से संबंधित अपने-अपने सुझाव रखे। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन किया जाएगा।
समिति के संस्थापक हिसाबी राय ने बताया कि 28वां गणपति महोत्सव 14 से 17 सितंबर 2026 तक रेलवे मैदान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन 14 सितंबर की सुबह विधिवत कलश स्थापना एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 15 सितंबर की संध्या बाबा गणपति की भव्य महाआरती के बाद सांस्कृतिक संध्या-सह-नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
पूजा के मार्गदर्शक अखिलेश कुमार चौबे ने कहा कि भगवान गणपति विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं तथा उनकी कृपा से हर शुभ कार्य का सफल शुभारंभ होता है। उन्होंने कहा कि गणपति महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, आपसी प्रेम एवं भाईचारा बढ़ाने और नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूरे भक्तिभाव के साथ महोत्सव में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
महोत्सव के अंतिम दिन 17 सितंबर को दोपहर में मटका फोड़ एवं डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बाबा गणपति की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण कराया जाएगा। नगर भ्रमण के पश्चात श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बागतीपाड़ा स्थित मनसा मंदिर तालाब में प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
बैठक के दौरान पुरानी पूजा समिति को भंग कर महोत्सव के सफल संचालन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई समिति में संजय कुमार ओझा को संयोजक, अविनाश पंडित को अध्यक्ष, मुन्ना रविदास को कार्यकारी अध्यक्ष, पिंटू हजार एवं नितिन कुमार मंडल को उपाध्यक्ष, अजीत मंडल को सचिव, संजय कुमार राय को संयुक्त सचिव, राज चौधरी एवं निर्भय सिंह को सह सचिव, तन्मय पोद्दार को कोषाध्यक्ष तथा अंकित मंडल को व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से सौंपी गई।
बैठक के अंत में अखिलेश कुमार चौबे, संजय कुमार ओझा, शंकरलाल साह, कैलाश मध्यान तथा लाल्टू भौमिक ने आयोजन की व्यवस्था एवं तैयारियों को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में बिट्टू राय, अमन भगत, कंवर राय, बुबाय रजक, रणजीत राम, विजय राय, आदित्य सिंह, ज्वाला सिंह, सादेकुल आलम, मिथिलेश मंडल, जितेश रजक, भक्ति पूजन प्रसाद, राका राय, संजय मंडल, जय राजवीर, उजय राय सहित कई कार्यकर्ता एवं समिति सदस्य मौजूद थे।
अंत में सभापति राणा शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की। समिति ने जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा गणपति के 28वें गणपति महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!