Dumka :- बासुकीनाथ में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पेड़ा दुकानदार के निर्माण स्थल पर छापेमारी की। जांच के दौरान पैकेट में बंद भारी मात्रा में फंगस लगे मेवे और पेड़े पाए गए। टीम ने तत्काल खाद्य सामग्री को जब्त किया और मौके पर ही नष्ट कराया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान होटलों, अचार दुकानों, मिठाई एवं पेड़ा दुकानों समेत विभिन्न खाद्य और पेय पदार्थों की दुकानों की लगातार जांच की जा रही है। दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों का विशेष रूप से निरीक्षण किया जा रहा है।

वहीं, जब्त की गई निर्माण सामग्री के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में यदि मिलावटी या मानक के विपरीत सामग्री पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे निर्धारित मानक और उचित वजन के अनुसार ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें। मिलावटी, खराब या अशुद्ध खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है।
श्रावणी मेले में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सेहत को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान लगातार जारी है।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.











