4 अगस्त को होगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने निर्माण कार्य का लिया जायजा.

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

पाकुड़ :- झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, झामुमो के संस्थापक एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को पाकुड़ के पुराना डीसी चौक में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक हेमलाल मुर्मू ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान, अस्मिता और संघर्ष के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुराना डीसी चौक पर लगभग 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसका अनावरण आगामी 4 अगस्त को उनकी प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड और यहां के लोगों के हक, अधिकार, जल-जंगल-जमीन तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को समर्पित कर दिया। उनके अथक संघर्ष और योगदान के कारण ही झारखंड राज्य के गठन का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी दिशोम गुरु के संघर्ष, विचारों और जनसेवा से प्रेरणा लेती रहेंगी, इसलिए उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अनावरण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, अमड़ापाड़ा प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, लिट्टीपाड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News, Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!