Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर संबंधित बीएलओ (BLO) के पास जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, ताकि 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में उनका नाम सही ढंग से दर्ज हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि अब इस प्रक्रिया के लिए केवल पांच दिन शेष हैं। ऐसे में सभी मतदाता अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, तो वे तत्काल अपने संबंधित बीएलओ, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के कार्यालय से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें और उसे समय पर जमा करें।
उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ें और समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र भरवाने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.











