Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
मिहिजाम (जामताड़ा) :- जामताड़ा प्रखंड के बरजोरा और उदलबनी पंचायत के करीब 40 गरीब परिवारों को बैंक द्वारा फर्जी लोन का नोटिस भेजे जाने का मामला तूल पकड़ गया है। बिना लोन लिए 40 से 60 हजार रुपये तक की वसूली और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को जेएलकेएम जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो के नेतृत्व में बैंक ऑफ इंडिया, मिहिजाम शाखा का घेराव किया। बताया जाता है कि वर्ष 2021 में मिहिजाम बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक बिमल चंद्र महतो द्वारा केसीसी (KCC) बनवाने के नाम पर दस्तावेज लिए गए थे, लेकिन लोन न देकर बाद में 40 हजार से 60 हजार रुपये तक का फर्जी लोन दर्शाकर नोटिस भेज दिया गया। इस मामले डीसी, एसपी और मिहिजाम थाने में वर्षों पहले शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। न्याय न मिलने पर जेएलकेएम ने गोराईनाला मोड़ पर सड़क जाम और विशाल आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बैंक ऑफ इंडिया, मिहिजाम शाखा के प्रबंधक ने कहा कि यह पूरा मामला गहन जांच का विषय है। बैंक प्रबंधन ने प्रभावित ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे इस मामले में बैंक के धनबाद स्थित जोनल कार्यालय में भी अपनी औपचारिक शिकायत दर्ज कराएं, ताकि इसकी विस्तृत और पारदर्शी जांच कराई जा सके। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही नियमानुसार आगामी और ठोस कार्रवाई की जाएगी।
Reported By :- Goutam Thakur, Prime Time News, Jamtara.











