Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.
गोड्डा: जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 जुलाई को सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसे लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि ऊर्जानगर, महागामा में शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे तक मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। इस दौरान एयर रेड वार्निंग, ब्लैकआउट, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), शेल्टरिंग, सर्च एंड रेस्क्यू, मेडिकल रिस्पॉन्स तथा कैजुअल्टी इवैक्यूएशन जैसी प्रक्रियाओं का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना, अर्ली वार्निंग सिस्टम और ब्लैकआउट व्यवस्था की प्रभावशीलता जांचना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को एसओपी का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजने पर घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यह केवल पूर्व निर्धारित अभ्यास है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की तैयारियों को परखना है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, ईसीएल राजमहल, अडानी पावर गोड्डा, गृह रक्षा वाहिनी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Repoted By :- Shankar Suman, Prime Time News,Godda.











