जामताड़ा में पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार, लादना डैम में जल्द शुरू होगी बोटिंग सुविधा: उपायुक्त आलोक कुमार

Edited By :-: Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

Jamtara :- डीटीपीसी की बैठक में पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, रख-रखाव और नई सुविधाओं पर हुई समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला पर्यटन संवर्द्धन समिति (डीटीपीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिसूचित पर्यटन स्थलों पर चल रहे जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विशेष रूप से लादना डैम के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पार्क के समुचित रख-रखाव नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इसके संचालन को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कराने का निर्देश दिया। साथ ही लादना डैम में बोटिंग सुविधा जल्द शुरू करने के लिए लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने उपयोग में लाई गई सभी सामग्रियों की गुणवत्ता विशेषज्ञों से जांच कराने का भी निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

उपायुक्त ने कहा कि लादना डैम का सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने डैम तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर भू-अर्जन की समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए अपर समाहर्ता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में पर्वत विहार पार्क के संचालन और साफ-सफाई की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पार्क में बंद पड़ी फाउंटेन सुविधा को पुनः शुरू कराने, आवश्यक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा बच्चों के लिए किड्स प्ले जोन विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इसके अलावा मालंचा पहाड़, दुखिया बाबा मंदिर, देवलेश्वर धाम, गिरधारी मंदिर (नाला), सिंहवाहिनी मंदिर एवं मां चंचला मंदिर सहित अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास, रंग-रोगन, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने जिले के सभी अधिसूचित पर्यटन स्थलों पर आकर्षक साइनेज लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे पर्यटकों को स्थलों की जानकारी मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की कर्मस्थली नंदनकानन को पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित करने तथा उसके विकास का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा सूर्य मंदिर जामताड़ा एवं पालाजोरी काली मंदिर सहित अन्य स्थलों को भी पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित करने का सुझाव दिया गया। उपायुक्त ने सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, विधायक प्रतिनिधि परेश यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मिहिजाम गोपेश कुम्भकार, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल अरुण कुमार, पर्यटन समन्वयक सूरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित

Repoted By :- Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!