एसडीओ के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, डुमरिया पंचायत में खुली व्यवस्थाओं की पोल

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

Jamtara :- जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरिया पंचायत में शनिवार को उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनंत कुमार ने विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर लापरवाही और अव्यवस्था सामने आने पर एसडीओ ने संबंधित विभागों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सबसे पहले एसडीओ ने पंचायत क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार, उपस्थिति पंजी, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जांच की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक आंगनबाड़ी केंद्र में चापाकल खराब पाया गया, जिससे पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई थी। इस पर एसडीओ ने पेयजल विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़े संस्थानों में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा बाधित रहना गंभीर विषय है।इसके बाद एसडीओ ने स्थानीय विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की स्वच्छता तथा आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उप-स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जांच की। उन्होंने लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कार्रवाई की चेतावनी दी। मनरेगा के तहत संचालित आम बागवानी परियोजना का निरीक्षण करते हुए एसडीओ ने कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों से बातचीत की। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को पौधों की देखरेख, सिंचाई व्यवस्था और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। पंचायत सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान पंद्रहवीं वित्त आयोग, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास, पशुपालन एवं अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में ग्रामीणों ने खराब पड़े चापाकलों, बंद जलमीनारों तथा आधार नामांकन शिविर नहीं लगने की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीण महिलाओं की शिकायत पर एसडीओ ने महिला पर्यवेक्षिका को निर्देश दिया कि पंचायत में विशेष आधार शिविर आयोजित कर आधार कार्ड से वंचित बच्चों का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित किया जाए। वहीं पेयजल संबंधी समस्याओं पर उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करते हुए खराब चापाकलों और जलमीनारों की मरम्मत कराने का आदेश दिया। मौके पर बीडीओ प्रेम कुमार दास, प्रखंड समन्वयक तापस लायक,महिला पर्यवेक्षिका रूपा कुमारी,पंचायत सचिव दीपक कुमार, मुखिया रांजीव हांसदा, कनीय अभियंता संदीप दास, डॉ. मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। एसडीओ के इस औचक निरीक्षण के बाद पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल देखने को मिलेगी।

Reported :- Rafique Ansari, Prime Time News,Jamtara.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!