बिजली-पानी संकट पर पाकुड़ में भाजपा का हल्लाबोल, घड़ा फोड़ प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश.

पाकुड़ : जिले में लगातार गहराते बिजली और पानी संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।

Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा तथा भाजपा प्रदेश मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी कृष्णा महतो उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे मैदान से जुलूस निकालकर मुख्य मार्गों से होते हुए सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क तक मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका रखकर विरोध जताया तथा घड़ा फोड़कर सरकार के खिलाफ नाराजगी प्रकट की।

चिलचिलाती गर्मी के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मटका लेकर नारेबाजी करते हुए कहा कि जिले में लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट से आम लोग परेशान हैं।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि बिजली और पानी हर नागरिक की बुनियादी जरूरत है, लेकिन झारखंड में इन दोनों समस्याओं का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “नल से जल” योजना राज्य में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। कई क्षेत्रों में योजनाएं अधूरी हैं और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकुड़, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा और महेशपुर में पानी के लिए हाहाकार की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकुड़ जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। वर्षभर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली काटी जाती है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नजर नहीं आता। हल्की बारिश या आंधी आते ही घंटों बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन “कुंभकर्णी नींद” में सोई सरकार को जगाने के लिए है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मुफ्त बिजली का वादा करने वाली सरकार अब स्मार्ट मीटर लगाकर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, “इस सरकार में नल से जल गायब है और बल्ब से बिजली गुल है,” जिस पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया।

भाजपा नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

प्रदर्शन के बाद भाजपा का एक दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मेघा भारद्वाज से मिलकर मांग पत्र सौंपा।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, बाबुधन मुर्मू, मीरा प्रवीण सिंह, अमृत पाण्डेय, हिसाबी राय, रूपेश भगत, साधन झा, पिंकी मंडल, अनिता मुर्मू, सम्पा साह, सुशील साह, हृदयनन्द भगत, सुरेंद्र भगत, प्राची चौधरी, पूनम देवी, निधि गुप्ता, अनिकेत गोस्वामी, संजीव भगत, राहुल मिश्रा, सुरेश मंडल, करण मंडल, सुशांत घोष, बापन सरकार, त्रिलोचन दास, धनेश्वर साह, सुकुमार मंडल, वनेश्वर सोरेन, आशीष हेम्ब्रम, मोजेश टुडू, देवीलाल हांसदा, सुरेश भंडारी, कामेश्वर दास, मोहन मंडल, पंकज साह, जयंत मंडल, अक्षय मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Repoted By :- Saroj Jha, Prime Time News,Pakur.

Prime Time News
Author: Prime Time News

Welcome to Prime Time News Prime Time News, a satellite channel Through which we take from country and abroad Information about every small and big news can reach you So stay with us And keep watching Prime Time News.

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!