Jamtara:-:फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबिंदपुर–साहेबगंज मुख्य सड़क पर थाना गेट के समीप बुधवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान परिवहन विभाग एवं थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, यातायात नियमों का पालन कराना तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना था।
Edited By :- Shashi Kumar, Prime Time News Desk.

वाहन जांच के दौरान दोपहिया, चारपहिया सहित अन्य वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा हेलमेट की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे कई चालकों के कुल 12 ऑनलाइन चालान काटे गए और उन्हें कड़ी हिदायत दी गई।थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सभी आवश्यक और वैध कागजात अपने साथ रखें। अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध वाहनों की भी गहन जांच की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के वाहन जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
Repoted By :- Md.Rafique Ansari, Prime Time News, Jamtara.











